एआई की शक्ति मॉडल के आकार से नहीं, बल्कि अर्थशास्त्र और तैनाती से आती है- श्री वैष्णव
सरकार 38,000 जीपीयू के माध्यम से किफायती एआई कंप्यूटिंग को सक्षम बनाती है
भारत ने एआई शासन के लिए तकनीकी-कानूनी दृष्टिकोण अपनाया, ध्यान पूर्वाग्रह और डीपफेक का पता लगाने पर केंद्रित
अर्थव्यवस्था में एआई का प्रसार भारत की रणनीति का केंद्र
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 20 जनवरी 2026 को दावोस में विश्व आर्थिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) में “एआई पावर प्ले, नो रेफरीज” शीर्षक वाली एक पैनल चर्चा के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रति भारत के दृष्टिकोण की रूपरेखा प्रस्तुत की, जिसमें व्यापक स्तर पर एआई के प्रसार, आर्थिक व्यवहार्यता और तकनीकी-कानूनी शासन पर जोर दिया गया।
वैष्णव ने वैश्विक एआई गठबंधनों और भू-राजनीति से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि भारत स्पष्ट रूप से एआई विकसित देशों के पहले समूह में आता है। उन्होंने बताया कि एआई ढांचे में पांच स्तर होते हैं – एप्लिकेशन, मॉडल, चिप, अवसंरचना और ऊर्जा; और भारत इन सभी पांचों क्षेत्रों में सक्रिय रूप से काम कर रहा है। उन्होंने कहा, ” एप्लिकेशन स्तर पर, भारत संभवतः विश्व को सेवाएं प्रदान करने वाला सबसे बड़ा देश होगा।” उन्होंने कहा कि एआई में निवेश पर लाभ (आरओआई) उद्यम स्तर पर तैनाती और उत्पादकता में वृद्धि से प्राप्त होता है, न कि केवल बहुत बड़े मॉडल बनाने से। उन्होंने कहा कि लगभग 95 प्रतिशत एआई उपयोग मामलों को 20-50 बिलियन पैरामीटर रेंज के मॉडलों से हल किया जा सकता है, जिनमें से कई मॉडल भारत के पास पहले से ही विद्यमान हैं और विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “जिसे मैं पांचवीं औद्योगिक क्रांति कहता हूं, उसकी अर्थव्यवस्था निवेश पर लाभ (आरओआई) – अधिकतम संभव रिटर्न पाने के लिए निम्नतम लागत समाधान लागू करने – से आएगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रभावी एआई तैनाती तेजी से सीपीयू, छोटे मॉडल और उभरते कस्टम सिलिकॉन पर निर्भर करने लगी है, जिससे किसी एक देश पर निर्भरता कम होती है और केवल परिमाण के आधार पर एआई के प्रभुत्व की धारणा को चुनौती मिलती है।

भारत की डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना की सफलता का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार जीवन और अर्थव्यवस्था के हर क्षेत्र में एआई के प्रसार को प्रणालीगत तरीके से आगे बढ़ा रही है। जीपीयू की उपलब्धता को एक प्रमुख बाधा बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल अपनाया है, जिसके तहत लगभग 38,000 जीपीयू को एक साझा राष्ट्रीय कंप्यूटिंग सुविधा के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। यह सुविधा सरकार द्वारा समर्थित और सब्सिडी वाली है, जो छात्रों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स और नवोन्मेषकों को वैश्विक लागत के लगभग एक तिहाई पर किफायती पहुंच प्रदान करती है। उन्होंने भारत की एआई रणनीति के चार स्तंभों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की:
- सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से एक साझा कंप्यूटिंग सुविधा केन्द्र
- सर्वाधिक व्यावहारिक आवश्यकताओं को पूरा करने वाले एआई मॉडल का एक निःशुल्क संग्रह
- 10 मिलियन लोगों को एआई में प्रशिक्षित करने के लिए व्यापक स्तर पर कौशल विकास कार्यक्रम
- भारत के आईटी उद्योग को घरेलू और वैश्विक उद्यमों के लिए एआई-संचालित उत्पादकता और दक्षता की ओर अग्रसर होने में सक्षम बनाना।
वैष्णव ने नियमन और शासन पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता के नियमन के लिए तकनीकी-कानूनी दृष्टिकोण के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नियमन केवल कानूनों पर निर्भर नहीं हो सकता, बल्कि इसमें ऐसे तकनीकी उपकरणों का भी सहयोग होना चाहिए जो पूर्वाग्रह और डीपफेक जैसी समस्याओं को कम कर सकें। उन्होंने कहा, “उदाहरण के लिए, डीपफेक का पता लगाने वाली प्रणालियों की सटीकता इतनी होनी चाहिए कि न्यायालयों में उनकी जांच हो सके।” उन्होंने कहा कि भारत डीपफेक का पता लगाने, पूर्वाग्रह को कम करने और उद्यमों में तैनाती से पहले मॉडलों के उचित अनलर्निंग सुनिश्चित करने के लिए प्रौद्योगिकियां विकसित कर रहा है।
चर्चा का संचालन इयान ब्रेमर (अध्यक्ष और संस्थापक, यूरेशिया ग्रुप) ने किया और अन्य पैनलिस्टों में ब्रैड स्मिथ (उपाध्यक्ष और अध्यक्ष, माइक्रोसॉफ्ट), क्रिस्टालिना जॉर्जीवा (प्रबंध निदेशक, आईएमएफ) और खालिद अल-फलीह (निवेश मंत्री, सऊदी अरब) शामिल थे।










1 thought on “भारत एआई विकसित करने वाले पहले देशों के समूह में शामिल”
AI