विजय मंगला

नई दिल्ली:ओम बिरला ने अग्रवाल समाज की सेवा भावना को सराहा, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में आगे आने का आह्वान, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि महाराजा अग्रसेन के सिद्धांत — समानता, समावेशिता, सहयोग और सामूहिक भागीदारी — आज के आधुनिक युग में भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने हजारों वर्ष पहले थे। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन द्वारा स्थापित सामाजिक समरसता और साझा उत्तरदायित्व पर आधारित शासन व्यवस्था आज भी समाज और राष्ट्र को प्रेरित कर रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ये विचार अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों के राष्ट्रीय अधिवेशन एवं पदग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
बिरला ने कहा कि भारत की प्रगति सामूहिक भागीदारी, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी विकास मॉडल पर आधारित है। उन्होंने उल्लेख किया कि अग्रवाल समाज ने सदियों से इसी विचारधारा के अनुरूप कार्य करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि जब भी देश या समाज किसी संकट, आपदा या कठिन परिस्थिति से गुज़रा, अग्रवाल समाज हमेशा सहायता के लिए सबसे आगे खड़ा दिखाई दिया। समाज कल्याण के लिए धन, संसाधन और सेवा समर्पित करना इस समुदाय की मूल पहचान रही है।

लोकसभा अध्यक्ष ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी इस समाज ने उद्योग, व्यापार, वाणिज्य, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि देशभर में स्थापित विद्यालय, महाविद्यालय, अस्पताल और धर्मशालाएँ अग्रवाल समाज की निस्वार्थ सेवा और सामाजिक प्रतिबद्धता के स्थायी प्रतीक हैं।
बिरला ने कहा कि आज अग्रवाल समाज को जो सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त है, वह पीढ़ियों के त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज सेवा, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की परंपरा को आगे बढ़ाएँ। उन्होंने विशेष रूप से समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।

लोकसभा अध्यक्ष ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वे महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा- “नेतृत्व केवल अधिकार का पद नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति एक गहरी जिम्मेदारी है।” बिरला ने समाज से अपील की कि जब भी राष्ट्र किसी संकट या आपदा का सामना करे, अग्रवाल समाज को राहत और सहायता प्रदान करने वालों में सबसे आगे रहना चाहिए।
Om Birla Maharaja Agrasen Akhil Bharatiya Agrawal Sammelan अग्रवाल समाज Om Birla Speech Lok Sabha Speaker राष्ट्र निर्माण समाज सेवा Maharaja Agrasen Ideals Agrawal Community










3 thoughts on “नई दिल्ली:ओम बिरला ने अग्रवाल समाज की सेवा भावना को सराहा, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में आगे आने का आह्वान”
Maharaja Agrasen jayanti
Achhi salah hai…
Maharaja Agrasen