भारत का डिजिटल हेल्थ मिशन बना दुनिया के सबसे बड़े नेटवर्क में शामिल!
अरुण कुमार
नई दिल्ली:आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की बड़ी छलांग: 93.95 करोड़ ABHA नंबर, 105 करोड़ हेल्थ रिकॉर्ड लिंक, जेपी नड्डा ने की प्रगति समीक्षा, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और मिशन संचालन समूह (MSG) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) की प्रगति की समीक्षा करते हुए देश के डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्टम को और मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, अनुप्रिया पटेल, जितिन प्रसाद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और नीति निर्माताओं ने भाग लिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (Digital Public Infrastructure) गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने, स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित बनाने और नागरिकों को सशक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि तकनीक के माध्यम से सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज (Universal Health Coverage) का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन आज दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम में से एक बन चुका है। 93.95 करोड़ से अधिक ABHA (Ayushman Bharat Health Account) नंबर जारी, 105 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप से लिंक, 5.33 लाख स्वास्थ्य सुविधाएं राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य रजिस्ट्री में पंजीकृत, 9.85 लाख स्वास्थ्य पेशेवर रजिस्टर्ड और 2.72 लाख स्वास्थ्य सुविधाओं ने ABDM सॉफ्टवेयर अपनाया व 24 करोड़ से अधिक Scan & Register टोकन जारी।
मिशन संचालन समूह ने बताया कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मॉडल डिस्ट्रिक्ट, मॉडल हेल्थ फैसिलिटी और आरोग्य सेतु 2.0 जैसी पहलों के माध्यम से डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। ABDM का एकीकरण कई प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से किया जा चुका है जिसमे आयुष्मान भारत PM-JAY, CGHS, ESIC, निक्षय (TB उन्मूलन कार्यक्रम) और विभिन्न राज्य स्तरीय स्वास्थ्य योजनाएं इससे मरीजों को अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड तक सुरक्षित और सहमति-आधारित पहुंच मिल रही है।
बैठक में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए Artificial Intelligence (AI) के उपयोग, इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ाने, डिजिटल हेल्थ स्टैंडर्ड लागू करने और डेटा सुरक्षा मजबूत करने व नागरिकों के लिए आसान डिजिटल एक्सेस जैसे विषयों पर चर्चा हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा ने कहा कि “ABDM के तहत एक मजबूत डिजिटल स्वास्थ्य अवसंरचना तैयार की जा चुकी है। अब अगले चरण में इसका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना हमारा लक्ष्य है। विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने में डिजिटल हेल्थ एक महत्वपूर्ण स्तंभ साबित होगा।” उन्होंने राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और सभी हितधारकों से मिलकर सुरक्षित, समावेशी और नागरिक-केंद्रित डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली विकसित करने का आह्वान किया।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का उद्देश्य पूरे देश में एक एकीकृत डिजिटल स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र बनाना है, जहां नागरिक अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रख सकें और जरूरत पड़ने पर किसी भी अस्पताल या डॉक्टर के साथ साझा कर सकें। इस मिशन के प्रमुख घटक है-ABHA ID, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्रेशन और हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री व सहमति-आधारित डेटा शेयरिंग सिस्टम।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल क्रांति का आधार बन चुका है। 93 करोड़ से अधिक ABHA आईडी और 105 करोड़ स्वास्थ्य रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण यह दर्शाता है कि देश तेजी से एक आधुनिक, सुरक्षित और नागरिक-केंद्रित स्वास्थ्य प्रणाली की ओर बढ़ रहा है। आने वाले वर्षों में AI, डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म और राष्ट्रीय स्तर पर एकीकृत स्वास्थ्य डेटा नेटवर्क स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच दोनों को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
- Ayushman Bharat Digital Mission
- ABDM News Hindi
- ABHA Number
- JP Nadda Health Mission
- Digital Health India
- ABDM Review Meeting
- Health Records Digital India
- Digital Healthcare Ecosystem
- Ayushman Bharat Health Account
- Digital Health Mission 2026









