दक्षिणी एयर कमांड को मिला नया नेतृत्व!
IB News
नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम: एयर मार्शल जसवीर सिंह मान बने दक्षिणी एयर कमांड के नए प्रमुख, 3000 घंटे से अधिक उड़ान अनुभव, अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और वायु सेना मेडल (VM) से सम्मानित एयर मार्शल जसवीर सिंह मान ने 1 जुलाई 2026 को भारतीय वायु सेना की दक्षिणी एयर कमांड (Southern Air Command) के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (AOC-in-C) के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर दक्षिणी एयर कमांड मुख्यालय में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

एयर मार्शल जसवीर सिंह मान ने एयर मार्शल मनीष खन्ना (UYSM, AVSM, VM) का स्थान लिया, जो 30 जून 2026 को लगभग चार दशकों की गौरवशाली सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए।
एयर मार्शल जसवीर सिंह मान को 16 दिसंबर 1989 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन किया गया था। वे डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, हायर एयर कमांड कोर्स तथा ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज, लंदन के पूर्व छात्र हैं।वे एक अनुभवी पायलट अटैक इंस्ट्रक्टर हैं और उनके पास 3000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है।
अपने शानदार सैन्य करियर में एयर मार्शल मान ने अनेक आधुनिक लड़ाकू विमानों का संचालन किया है, जिनमें राफेल (Rafale), सुखोई-30 (Su-30), मिग-29 (MiG-29), जगुआर (Jaguar) और मिग-21 (MiG-21) व अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर (Apache),उनकी बहुआयामी उड़ान विशेषज्ञता भारतीय वायु सेना की आधुनिक युद्ध क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है।
करीब चार दशकों के करियर में एयर मार्शल जसवीर सिंह मान ने एक फाइटर स्क्वाड्रन की कमान संभाली। एक प्रमुख फाइटर एयरबेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग रहे और एयर डिफेंस कमांडर के रूप में सेवाएं दीं व कमांड स्तर पर प्रशासनिक प्रभारी वरिष्ठ अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई। वायुसेना मुख्यालय में उन्होंने असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (ऑपरेशन्स-ऑफेंसिव) व डायरेक्टर जनरल (वेपन सिस्टम्स) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।

नई जिम्मेदारी संभालने से पहले एयर मार्शल मान पश्चिमी एयर कमांड में वरिष्ठ एयर स्टाफ ऑफिसर (SASO) थे, जहां उन्होंने संयुक्त सैन्य अभियानों और बहु-क्षेत्रीय समन्वय को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान दिया। राष्ट्र के प्रति उत्कृष्ट सेवाओं के लिए एयर मार्शल जसवीर सिंह मान को अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और वायु सेना मेडल (VM) से सम्मानित किया जा चुका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि एयर मार्शल जसवीर सिंह मान के नेतृत्व में दक्षिणी एयर कमांड हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की सामरिक तैयारियों, संयुक्त सैन्य अभियानों और आधुनिक वायु युद्ध क्षमता को और अधिक सशक्त करेगी।
एयर मार्शल जसवीर सिंह मान दक्षिणी एयर कमांड भारतीय वायु सेना Southern Air Command Jasvir Singh Mann IAF Leadership राफेल पायलट भारतीय रक्षा समाचार वायु सेना मेडल AVSM Vayu Sena Medal










1 thought on “नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम: एयर मार्शल जसवीर सिंह मान बने दक्षिणी एयर कमांड के नए प्रमुख, 3000 घंटे से अधिक उड़ान अनुभव”
Great.