नई दिल्ली: सिविल डिफेंस वॉलंटियर निकला फर्जी पुलिसकर्मी, दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहा था शाहरुख खान गिरफ्तार, उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस का फर्जी कॉन्स्टेबल बनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय शाहरुख खान के रूप में हुई है, जो दिल्ली सिविल डिफेंस का वॉलंटियर है और पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दिल्ली पुलिस का जवान बताकर लोगों के बीच अपनी पहचान बना रहा था।

पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 की रात लगभग 9:40 बजे AATS की पेट्रोलिंग टीम को गुप्त सूचना मिली कि एसडीएम कार्यालय, नंद नगरी में तैनात एक सिविल डिफेंस वॉलंटियर जवाहर नगर पिकेट के पास दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों के बीच खुद को कॉन्स्टेबल बताकर घूम रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और करीब 9:50 बजे संदिग्ध व्यक्ति को घेरकर हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम शाहरुख खान बताया और दावा किया कि वह दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल है तथा उसकी तैनाती करावल नगर थाने में है। हालांकि, पुलिस द्वारा करावल नगर थाने से सत्यापन करने पर पता चला कि उस नाम का कोई भी पुलिसकर्मी वहां तैनात नहीं है। इसके बाद आरोपी की सच्चाई सामने आ गई। गिरफ्तार आरोपी शाहरुख खान पुत्र मोहम्मद हसन, निवासी ग्राम मंडोला, लोनी, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल की वर्दी बरामद की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पुलिसकर्मी बनकर समाज में प्रभाव और पहचान हासिल करने के उद्देश्य से वर्दी पहनकर घूमता था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं उसने इस फर्जी पहचान का इस्तेमाल लोगों को ठगने, धमकाने या किसी अन्य अवैध गतिविधि के लिए तो नहीं किया। इस संबंध में थाना करावल नगर में एफआईआर संख्या 171/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204 और 205 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने पुलिस की वर्दी कहां से प्राप्त की और कब से वह फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को गुमराह कर रहा था।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का दुरुपयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और वर्दी की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस AATS, शाहरुख खान गिरफ्तार, सिविल डिफेंस वॉलंटियर, करावल नगर पुलिस, दिल्ली पुलिस वर्दी दुरुपयोग, BNS धारा 204, BNS धारा 205, उत्तर पूर्वी जिला पुलिस, नंद नगरी समाचार









