मोहित कुमार
नई दिल्ली: VVVP 2026: सीमावर्ती गांवों में राष्ट्र निर्माण के लिए 500 युवा स्वयंसेवक तैनात, MY Bharat की बड़ी पहल, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के युवा मामलों के विभाग ने मेरा युवा भारत (MY Bharat) के माध्यम से विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम (VVVP) 2026 के प्रथम चरण का शुभारंभ कर दिया है। यह एक महत्वाकांक्षी और युवा-नेतृत्व वाली पहल है, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती गांवों में राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना, जमीनी स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाना और सतत विकास को गति देना है।
यह कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए देशभर से कुल 500 MY Bharat स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। इन स्वयंसेवकों का चयन एक राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया, जिसमें 3 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया था। चयनित स्वयंसेवक भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन्हें लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के चिन्हित सीमावर्ती गांवों में भेजा जा रहा है।

प्रथम चरण में 250 स्वयंसेवक 43 सीमावर्ती गांवों में सात दिवसीय गतिविधियों में भाग ले रहे हैं, जबकि दूसरे चरण में इस महीने के अंत तक अन्य 250 स्वयंसेवक 50 गांवों में तैनात किए जाएंगे।यह कार्यक्रम युवाओं को सीमावर्ती गांवों में रहकर स्थानीय समुदायों, पंचायतों, प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा बलों के साथ प्रत्यक्ष संवाद का अवसर प्रदान करता है। स्वयंसेवक इन गांवों की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक चुनौतियों को समझेंगे तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के रणनीतिक महत्व से भी परिचित होंगे।
कार्यक्रम को सात दिनों के गहन प्रशिक्षण और सामुदायिक सहभागिता गतिविधियों के रूप में तैयार किया गया है। इसमें शामिल प्रमुख विषय- सीमा जागरूकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, ग्राम जीवन और सामुदायिक सहभागिता, स्थानीय शासन और पंचायत व्यवस्था, सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण, ग्राम विकास योजना और स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण तथा राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता है । स्वयंसेवक घर-घर सर्वेक्षण करेंगे, ग्राम सभाओं में भाग लेंगे, स्वच्छता अभियान चलाएंगे और गांवों के विकास के लिए संभावित अवसरों की पहचान करेंगे।
इस कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा “Nation First Challenge” अभियान है, जिसका उद्देश्य जिम्मेदार नागरिकता और टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। स्वयंसेवक पांच प्रमुख विषयों पर जनजागरूकता अभियान चलाएंगे जैसे कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना, स्वस्थ और सुरक्षित भोजन पकाने की पद्धतियां, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग और ईंधन संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना तथा स्थानीय पर्यटन को प्रोत्साहित करना है।
यह कार्यक्रम गृह मंत्रालय और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के राष्ट्रीय विजन को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर विशेष तैयारियां की गई हैं। MY Bharat, ITBP, राज्य सरकारों, जिला प्रशासन और स्थानीय संस्थाओं के बीच समन्वय तंत्र स्थापित किया गया है। इसके अलावा विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, ग्राम कार्य योजनाएं तैयार की गई हैं और प्रतिभागियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं तथा लॉजिस्टिक और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम 2026 भारत सरकार की उस सोच को दर्शाता है जिसमें युवा केवल दर्शक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के सक्रिय भागीदार हैं। यह कार्यक्रम सीमावर्ती गांवों और देश के युवाओं के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक संबंधों को और अधिक मजबूत करेगा।
Viksit Vibrant Village Programme 2026 MY Bharat युवा मामले एवं खेल मंत्रालय सीमावर्ती गांव Nation First Challenge ITBP युवा स्वयंसेवक विकसित भारत 2047 ग्रामीण विकास राष्ट्रीय एकता










1 thought on “नई दिल्ली: VVVP 2026: सीमावर्ती गांवों में राष्ट्र निर्माण के लिए 500 युवा स्वयंसेवक तैनात, MY Bharat की बड़ी पहल”
Good initiative