16/11/2013 नियमों का पालन कराने के लिए यातायात पुलिस ने कसी कमर
नोएडा। शहर में यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों से यातायात पुलिस सख्ती से निपटेगी। इसके लिए पुलिस ने कमर कस ली है। यातायात माह के उपलक्ष्य में पुलिस ने शहर में जागरूकता अभियान चलाना शुरू कर दिया है, लेकिन कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।बीते दिन यातायात पुलिस ने शहर के 2 स्कूलों के बच्चों को ट्रैफिक नियमों के बारे में बताया।
इसके अलावा दिन भर चेकिंग अभियान चलाकर सैकड़ों वाहनों पर कार्रवाई भी की। इस दौरान पुलिस ने करीब 150 वाहनों में रिफ्लेक्टर भी लगाया। यातायात इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह यादव के मुताबिक शहर के विभिन्न चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हर चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की टीम बनाकर चेकिंग की गई और सैकड़ों वाहनों के चालान किए गए। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर भी ओवर स्पीड में चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई हुई। एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग के दौरान 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अधिक चल रहे 45 वाहनों के चालान काटे गए। ट्रैफिक पुलिसकर्मी राकेश यादव ने बताया कि हमने बरौला स्थित केसीसी इंटर कॉलेज में करीब 1 हजार बच्चों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। इसके अलावा भंगेल के नवजीवन इंटर कॉलेज के करीब 700 बच्चों को यातायात नियमों को लेकर जागरूक किया गया। आज भी यातायात पुलिस कई इलाकों में रिफ्लेक्टर लगा रही है।
|