20/08/2010 आखिरकार पाक ने स्वीकारी भारतीय मदद, और सहायता देगा भारत
एक हफ्ते तक पसोपेश में रहने के बाद पाकिस्तान ने बाढ़ पीड़ितों के लिए 50 लाख डॉलर की भारतीय मदद शुक्रवार को स्वीकार कर ली, जबकि भारत ने इस फैसले का स्वागत करते हुए बाढ़ से मची तबाही से निबटने के लिए अतिरिक्त मदद की पेशकश की।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री एसएम कुरैशी ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पाकिस्तान पर आयोजित विशेष सत्र से इतर भारतीय सहायता स्वीकार करने की घोषणा की। घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया करते हुए विदेश मंत्रालय प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने कहा कि स्वीकृति की सूचना कुरैशी ने दी और हमने सहायता पेशकश स्वीकार करने के पाकिस्तान के फैसले का स्वागत किया।
प्रकाश ने कहा कि यह सहायता पिछले अस्सी वर्षों में आई सबसे भीषण बाढ़ से प्रभावित पाकिस्तानी लोगों के साथ सौहार्द्र प्रकट करने के लिए उठाया गया कदम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री युसूफ रजा गिलानी को गुरुवार को फोन कर बाढ़ से निपटने के लिए और अधिक सहायता देने का प्रस्ताव दिया था।
अमेरिका की यात्रा पर गए कुरैशी ने घोषणा की कि पाकिस्तान ने भारत के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने मनमोहन, उनकी सरकार और कृष्णा को सहायता के लिए धन्यवाद दिया।
|