12 अगस्त को देशभर में होगा महाअभियान, हरियाली अमावस्या बनेगी ‘वृक्ष पर्व’
अब हर जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर लगेगा पौधा, केंद्र सरकार की नई पहल
‘एक पेड़ लगाओ, पांच लोगों को जोड़ो’— शिवराज सिंह चौहान का पर्यावरण मंत्र
अरुण कुमार
नई दिल्ली | विशेष रिपोर्ट:शिवराज सिंह चौहान का बड़ा पर्यावरण अभियान: ‘वृक्ष मित्र परिवार’ बनेगा राष्ट्रीय जनआंदोलन, हर परिवार लगाएगा एक पेड़, पूसा परिसर में आयोजित “पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम एवं वृक्ष मित्र संवाद” में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण को देशव्यापी जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में देशभर से जुड़े लगभग 17 हजार वृक्ष मित्रों ने प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।
इस अवसर पर पद्म भूषण पर्यावरणविद् अनिल जोशी, प्रख्यात चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. अनूप हजेला, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट सहित विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों पर्यावरण कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि पूरे देश में “वृक्ष मित्र परिवार” नाम से एक संगठित राष्ट्रीय नेटवर्क बनाया जाएगा। इसकी इकाइयाँ राष्ट्रीय स्तर, राज्य स्तर, जिला स्तर और ब्लॉक स्तर व ग्राम स्तर बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह कोई संगठन नहीं बल्कि एक परिवार होगा जो पेड़ लगाने और उनकी सुरक्षा के लिए काम करेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब हर शुभ अवसर पर पेड़ लगाया जाना चाहिए। उन्होंने अपील की कि लोग जन्मदिन, शादी की सालगिरह, बच्चों के जन्म और माता-पिता की पुण्यतिथि व धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन पर पौधारोपण करें और इसे “वृक्ष पर्व” का स्वरूप दें।

शिवराज सिंह चौहान ने सभी वृक्ष मित्रों से संकल्प दिलाया कि साल में कम से कम एक पौधा लगाएं, कम से कम 5 नए लोगों को इस अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि सभी लोग इसकी सार्वजनिक घोषणा सोशल मीडिया पर करें ताकि 12 अगस्त (हरियाली अमावस्या) तक एक मजबूत राष्ट्रीय नेटवर्क तैयार किया जा सके। उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ष 12 अगस्त को आने वाली हरियाली अमावस्या पर देशव्यापी वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि “हरियाली अमावस्या आने वाले वर्षों में पूरे देश का सबसे बड़ा वृक्ष महोत्सव बने।”
शिवराज सिंह चौहान ने सुझाव दिया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी योजना व कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाएँ जैसी सभी सरकारी योजनाओं की शुरुआत पौधारोपण से की जाए। उन्होंने पंचायतों एवं नगर निकायों से आग्रह किया कि 2-3 एकड़ भूमि चिन्हित करें और वहां स्थायी वृक्षारोपण स्थल विकसित करें व पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें बड़ा करना असली लक्ष्य होना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि समाज में ऐसा वातावरण बनना चाहिए जिससे पेड़ लगाना सम्मान की बात बने। पेड़ न लगाना सामाजिक जिम्मेदारी से मुंह मोड़ने जैसा माना जाए। उन्होंने “वृक्ष मित्र परिवार” के लिए अलग लोगो, डिजिटल पोर्टल और सोशल मीडिया नेटवर्क विकसित करने की भी घोषणा की।

अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान ने कहा ग्लोबल वार्मिंग, समुद्र का बढ़ता स्तर, प्रदूषण, जल संकट और जैव विविधता का खत्म होना आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि “अपने लिए तो सब जीते हैं, लेकिन जो दूसरों को जीवन देता है वही सच्चा जीवन है, और पेड़ सबसे बड़ा जीवनदाता है।” उन्होंने कहा कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति घट रही है, पानी का संकट बढ़ रहा है और रसायनों का अत्यधिक उपयोग खेती को नुकसान पहुंचा रहा है इसलिए जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग व टिकाऊ खेती पर विशेष ध्यान देना होगा।
शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के Mission LiFE (Lifestyle for Environment) का उल्लेख करते हुए लोगों से अपील करी कि बिजली बचाएं, पानी बचाएं, प्लास्टिक छोड़ें, गीला-सूखा कचरा अलग करें और स्थानीय और मोटे अनाज अपनाएंव ऊर्जा दक्ष उपकरणों का उपयोग करें।
पद्म भूषण अनिल जोशी ने कहा कि IIT के वैज्ञानिक शिवराज सिंह चौहान के वृक्षारोपण अभियान का वैज्ञानिक अध्ययन कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि “यह भविष्य में नीति निर्माताओं और जनप्रतिनिधियों के लिए एक महत्वपूर्ण केस स्टडी बनेगा।”
डॉ. अनूप हजेला ने कहा कि “एक पेड़ लगाओ और एक पेड़ पालो।” उन्होंने कहा कि जो लोग फ्लैट में रहते हैं, वे भी किसी पौधे को गोद लेकर उसकी देखभाल कर सकते हैं। उन्होंने Reduce, Reuse, Recycle, मॉडल अपनाने की अपील की।
#शिवराज सिंह चौहान #वृक्ष मित्र परिवार #पर्यावरण संरक्षण #वृक्ष मित्र संवाद #हरियाली अमावस्या #वृक्षारोपण अभियान मिशन #लाइफ #Environment #Protection #India #Plantation Drive #Green India Mission #Tree Plantation Campaign #Agriculture News #Hindi #ICAR #Pusa Campus #Delhi #Climate Change #India









