नई दिल्ली/जम्मू-कश्मीर: पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी: देश ने शहीदों को किया याद, आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संकल्प, पिछले वर्ष हुए भयावह पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर पूरे देश ने हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर देशभर में शोक और संवेदना का माहौल देखने को मिला।. यह आतंकी हमला जम्मू-कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में हुआ था, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस हमले में कई निर्दोष लोगों की जान गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इस मौके पर पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अपनों को खोने का दर्द आज भी हर भारतीय के दिल में जिंदा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर अपने संदेश में उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और इसके खिलाफ सभी को एकजुट होकर लड़ना होगा। अमित शाह ने स्पष्ट किया कि भारत आतंकवाद और उसे समर्थन देने वालों के खिलाफ अपनी “जीरो टॉलरेंस” नीति जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
पहलगाम हमले की बरसी पर देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं। लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर और मौन रखकर शहीदों को याद किया। जम्मू-कश्मीर में भी स्थानीय लोगों और प्रशासन द्वारा पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस हमले का असर कश्मीर के पर्यटन उद्योग पर भी देखने को मिला था। पहलगाम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया। सरकार ने इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को और अधिक सतर्क रहने के निर्देश दिए और आतंकी गतिविधियों पर सख्ती बढ़ाई।










