लखनऊ: अब सिर्फ ज्यादा उत्पादन नहीं, ‘प्रीमियम क्वालिटी’ पर फोकस! भारत को Global Fruit Market का सुपरपावर बनाने की तैयारी, किसानों की आय बढ़ाने के लिए बनेगी बड़ी रणनीति, शिवराज सिंह चौहान ने साफ संकेत दे दिए हैं कि अब भारतीय खेती केवल ज्यादा उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगी। भारत को वैश्विक फल बाजार में बड़ी ताकत बनाने के लिए अब गुणवत्ता, निर्यात, प्रोसेसिंग, शेल्फ लाइफ और आधुनिक लॉजिस्टिक्स पर बड़ा फोकस किया जाएगा। लखनऊ स्थित आईसीएआर–केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (CISH) में आयोजित “फ्रूट होराइज़न 2026” कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने किसानों, वैज्ञानिकों, निर्यातकों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों के साथ संवाद करते हुए कहा कि खेती को अब खेत तक सीमित नहीं रखा जा सकता। उत्पादन से लेकर प्रोसेसिंग, मार्केटिंग और एक्सपोर्ट तक पूरी वैल्यू चेन मजबूत करनी होगी।

कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगर भारत को वैश्विक फल बाजार में मजबूत पहचान बनानी है तो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता सुधारना सबसे जरूरी है।“अब दुनिया को चाहिए प्रीमियम क्वालिटी वाला भारतीय फल” उन्होंने कहा फलों की शेल्फ लाइफ बढ़ानी होगी, निर्यात के दौरान गुणवत्ता बनाए रखनी होगी और “जीरो रिजेक्शन” लक्ष्य पर काम करना होगा व पोस्ट-हार्वेस्ट मैनेजमेंट को आधुनिक बनाना होगा। कार्यक्रम में बड़ा फैसला लेते हुए यह तय किया गया कि ICAR के वैज्ञानिक संस्थान, APEDA, निर्यातक,संबंधित एजेंसियां मिलकर एक विशेष टास्क फोर्स बनाएंगी। यह टास्क फोर्स किसानों और निर्यातकों की समस्याएं हल करेगी और समयबद्ध एक्शन प्लान तैयार करेगी व किसानों की आय बढ़ाने की रणनीति बनाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि भारत सरकार उत्तर प्रदेश को क्लीन प्लांटिंग मैटेरियल मिशन के तहत विशेष रूप से मजबूत बनाएगी। इसी के तहत लखनऊ के CISH में आधुनिक क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा। यहां आम,अमरूद,लीची,एवोकाडो जैसी फसलों के रोगमुक्त और नस्ल-शुद्ध पौधे तैयार किए जाएंगे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छोटे किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में FPO, FPC, स्वयं सहायता समूह की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड निर्यातोन्मुख क्लस्टर विकसित कर रहा है, जेवर एयरपोर्ट से जुड़ी आधुनिक पोस्ट-हार्वेस्ट सुविधाएं यूपी को एक्सपोर्ट हब बना सकती हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर भारत गुणवत्ता, पैकेजिंग, कोल्ड चेन और निर्यात मानकों पर तेजी से काम करता है, तो आने वाले वर्षों में भारतीय फल वैश्विक बाजार में बड़ी पहचान बना सकते हैं। “फ्रूट होराइज़न 2026” कार्यक्रम में देशभर से किसान, वैज्ञानिक, नर्सरी संचालक, एफपीओ प्रतिनिधि और फल प्रसंस्करण उद्योग से जुड़े लोग शामिल हुए। इस अवसर पर सूर्य प्रताप शाही और दिनेश प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
#Fruit Horizon 2026 #Shivraj Singh Chouhan #Fruit Export India #Premium Quality #Fruits ICAR CISH #Lucknow Horticulture #India Farmer #Income News #APEDA #Export Clean #Plant Mission #Agriculture News Hindi #FruitHorizon2026 #ShivrajSinghChouhan #AgricultureNews #Farmers #FruitExport #Horticulture #ICAR #CISH #UPNews #FarmersIncome #FoodProcessing #AgriBusiness #ExportQuality #CleanPlantMission #BreakingNews #TrendingNews #HindiNews









