Iran-Israel तनाव के बीच भारत अलर्ट: ईंधन, LPG और भारतीय नागरिकों को लेकर सरकार ने दिया बड़ा अपडेट

नई दिल्ली- भारत सरकार ने नई दिल्ली के राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर चौथा अंतर-मंत्रालय संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया, जिसमे पेट्रोलियम, विदेश, पत्तन, पोत परिवहन और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने ऊर्जा आपूर्ति, समुद्री संचालन, भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और संचार उपायों पर अब तक के ताजे अपडेट दिए।

मंत्रालय ने बताया कि देश के सभी तेल शोधन संयंत्र उच्च क्षमता पर चल रहे हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जबकि पेट्रोल-डीजल में भारत आत्मनिर्भर है। खुदरा दुकानों में ईंधन की कोई कमी नहीं, प्राकृतिक गैस की प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में 100% आपूर्ति जारी है, लेकिन औद्योगिक उपयोग 80% तक सीमित। एलपीजी बुकिंग में घबराहट से 55.7 लाख से 88.8 लाख दैनिक तक वृद्धि हुई, फिर भी वितरण सुचारू; व्यावसायिक सिलेंडर राज्यों को उपलब्ध कराए गए हैं।
राज्य स्तर के उपाय की बात करें तो हरियाणा, गोआ, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में मुख्यमंत्रियों और अधिकारियों ने आपूर्ति समीक्षा बैठकें कीं, 17 राज्यों में कंट्रोल रूम स्थापित किये गये हैं। राज्य सरकारें/केंद्र शासित प्रदेश पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सहित आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं उत्तर प्रदेश में 1,483 निरीक्षण, 24 FIR, 6 गिरफ्तारियां हुई हैं और महाराष्ट्र-राजस्थान में छापेमारी जारी है। एलपीजी उत्पादन 31% बढ़ाया गया, बुकिंग अंतराल बढ़ाकर युक्तिकरण, अतिरिक्त केरोसिन आवंटित किया जा रहा है।

इसी तरह समुद्री सुरक्षा अपडेट की बात करें तो फारस की खाड़ी में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं, और एक दो दिनो में शिवालिक और नंदा देवी जहाज होर्मुज पार कर मुंद्रा-कांडला पहुंचने वाले हैं। 22 भारतीय जहाजों पर 611 नाविक, 24 घंटे में 30 नाविक स्वदेश लौटे हैं, कुल 253 लोग सकुशल वापस आये हैं। बंदरगाहों पर एलपीजी जहाजों को प्राथमिकता के साथ साथ लंगरगाह मे छूट प्रदानकी गई है।
विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में रहने वाले या यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के संबंध में नवीनतम जानकारी प्रदान की और भारतीय दूतावासों द्वारा भारतीय समुदाय के साथ निरंतर किए जा रहे सहयोग की रूपरेखा प्रस्तुत की। मंत्रालय ने कहा:संघर्ष शुरू होने के बाद से, भारत लगातार तनाव कम करने और संवाद के माध्यम से मुद्दों के समाधान का आह्वान करता रहा है। भारत ने माल और ईंधन के निर्बाध परिवहन को सुनिश्चित करने और ऊर्जा सुविधाओं सहित नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमलों से बचने के महत्व पर जोर दिया है।
भारत ने खाडी सहयोग परिषद (जीसीसी) देशों, ईरान, अमेरिका और इज़राइल सहित प्रमुख हितधारकों के साथ राजनीतिक और राजनयिक स्तर पर घनिष्ठ संपर्क बनाए रखा है। प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और भारतीय मिशन ऊर्जा सुरक्षा और सुरक्षित समुद्री आवागमन सहित भारत की प्राथमिकताओं को रेखांकित करने के लिए अपने समकक्षों के साथ सक्रिय रूप से बातचीत कर रहे हैं।

शिवालिक और नंदा देवी के अलावा, भारत आने वाले कई अन्य जहाज खाड़ी क्षेत्र में स्टैंडबाय पर हैं और सुरक्षित तथा निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।संघर्ष के कारण उड़ानों में व्यवधान के मद्देनज़र, ईरानी अधिकारियों ने फंसे हुए ईरानी नागरिकों को वापस लाने के लिए कल रात कोच्चि से एक चार्टर्ड उड़ान की व्यवस्था की। इस उड़ान में 107 चालक दल के सदस्य, 35 ईरानी पर्यटक, 3 राजनयिक और जहाज आईरिस लावन के गैर-आवश्यक चालक दल के सदस्य सवार थे।
भारत के पास आगामी खरीफ 2026 सीज़न के लिए आवश्यकता से अधिक उर्वरक भंडार मौजूद है। यूरिया का भंडार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है; डीएपी का भंडार लगभग दोगुना है और एनपीके का भंडार भी काफी अधिक है। रबी सीज़न के समापन तक घरेलू यूरिया उत्पादन खपत से अधिक रहने की संभावना है, जबकि वैश्विक निविदाएं पहले ही जारी की जा चुकी हैं और मार्च के अंत तक आपूर्ति होने की संभावना है।

कुछ सदस्य देशों की मौजूदा स्थिति में संलिप्तता को देखते हुए, ब्रिक्स संघ के सदस्य देशों के बीच शेरपा चैनल के माध्यम से एक साझा रुख पर चर्चा जारी है। ब्रिक्स संघ के अध्यक्ष के रूप में भारत परामर्श प्रक्रिया को सुगम बनाना जारी रखे हुए है और रूस सहित साझेदारों के साथ उच्च स्तरीय राजनयिक संपर्कों के माध्यम से जुड़ा हुआ है।
इससे पहले की घटनाओं में पांच भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है और एक लापता है। ओमान, इराक और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित मिशन लापता व्यक्ति का पता लगाने और शव को स्वदेश वापस लाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं
विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न हो रही स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूछताछ के लिए एक नियंत्रण कक्ष कार्यरत है और दूतावास चौबीसों घंटे सातों दिन हेल्पलाइन चला रहे हैं, परामर्श जारी कर रहे हैं और फंसे हुए भारतीयों को वीजा, पारगमन और रसद संबंधी सहायता प्रदान कर रहे हैं। 28 फरवरी से अब तक इस क्षेत्र से लगभग 172,000 यात्री भारत लौट चुके हैं। ओमान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर से उड़ानों के आने से हवाई संपर्क में सुधार हो रहा है। बहरीन, कुवैत और इराक में फंसे भारतीयों को वीजा विस्तार, ट्रांजिट वीजा और आगे की यात्रा में सहायता प्रदान की जा रही है।
ओमान के सोहार में कल हुई एक घटना में दो भारतीय नागरिकों की मृत्यु हो गई और दस लोग घायल हो गए, हालांकि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। दूतावास प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है, ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर रहा है और शवों को शीघ्र वापस लाने की व्यवस्था कर रहा है।
सेफसी विष्णु नामक जहाज (11 मार्च, इराक के तट पर) के संबंध में, 15 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और वे वर्तमान में बसरा में हैं। मिशन उनकी सहायता कर रहा है और मृतक भारतीय नागरिक के पार्थिव शरीर को स्वदेश वापस लाने के साथ-साथ उनकी शीघ्र भारत वापसी के लिए समन्वय कर रहा है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारी ने जनता तक सत्यापित जानकारी के प्रसार को सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे संचार प्रयासों के बारे में जानकारी प्रदान की। मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया:

आर्टिफिशियल इंटैलिजेंस से निर्मित वीडियो और भ्रामक संदेशों सहित फर्जी जानकारी कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाई जा रही है। नागरिकों को सतर्क रहने और केवल प्रामाणिक स्रोतों और सरकारी आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर ही भरोसा करने का परामर्श दिया जाता है।एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग ऑनलाइन या मोबाइल (एसएमएस), पोर्टल या आईवीआरएस जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जानी चाहिए। उपभोक्ताओं को वितरकों के पास व्यक्तिगत रूप से जाने से बचने की सलाह दी जाती है।
राज्य सरकारें और जिला स्तरीय समितियां, तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के समन्वय से, स्थिति की निगरानी कर रही हैं और जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।नागरिकों से अनुरोध है कि वे हड़बड़ी में बुकिंग न करें और एलपीजी सिलेंडर केवल सामान्य रिफिल चक्र के अनुसार ही बुक करें।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान बताया गया कि भारत सरकार पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रही है और संबंधित मंत्रालयों तथा एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए हुए है। ईंधन आपूर्ति की सुरक्षा, भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, समुद्री परिचालन को सुचारू रूप से बनाए रखने और देश भर में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय किए गए हैं।
#WestAsiaCrisis
#IranIsraelConflict
#FuelSupplyIndia
#LPGUpdate
#OilCrisis
#IndiaNews
#BreakingNews
#EnergySecurity
#MiddleEastTension
#IndiaGovernment
#पश्चिम एशिया तनाव
#LPG बुकिंग
#पेट्रोल-डीजल आपूर्ति
#Hormuz Strait
#भारत सरकार ब्रीफिंग










2 thoughts on “पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार का बड़ा अपडेट: भारत में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, LPG पर नजर — 24 जहाजों और 6 लाख नाविकों पर निगरानी”
घबराना नही, अच्छा समाचार
Phir mehngayi kyo ho rahi hai