नई दिल्ली: दिल्ली में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: हाशिम बाबा गैंग का सक्रिय सदस्य आमीर उर्फ टिल्लन गिरफ्तार, डबल मर्डर केस में था वांटेड, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हाशिम बाबा गैंग के सक्रिय सदस्य आमीर उर्फ टिल्लन (34) को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शाहदरा के चर्चित डबल मर्डर केस में वांटेड था और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात शास्त्री पार्क मेट्रो डिपो के पास हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग करने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि हाशिम बाबा गैंग से जुड़ा कुख्यात अपराधी आमीर उर्फ टिल्लन शास्त्री पार्क इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। जब पुलिस टीम ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश की और कथित रूप से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आमीर उर्फ टिल्लन कुछ महीने पहले शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में वांटेड था। इस मामले में पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आमीर उर्फ टिल्लन पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और अवैध हथियार रखने तथा गैंग गतिविधियों सहित 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी पूर्वोत्तर दिल्ली और शाहदरा क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में शामिल रहा है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फॉरेंसिक जांच के लिए हथियार को भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसका इस्तेमाल अन्य वारदातों में हुआ था या नहीं।
दिल्ली पुलिस ने इस गिरफ्तारी को संगठित अपराध और गैंगवार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता बताया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से कई अन्य मामलों के खुलासे की भी उम्मीद है।
Hashim Baba Gang, Aamir Tillan Arrested, Delhi Police Encounter, Shastri Park Encounter, Double Murder Case Delhi, Farsh Bazar Murder Case, Delhi Crime News, Crime Branch Delhi, Gangster Arrested Delhi, Delhi Encounter News










1 thought on “नई दिल्ली: दिल्ली में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: हाशिम बाबा गैंग का सक्रिय सदस्य आमीर उर्फ टिल्लन गिरफ्तार, डबल मर्डर केस में था वांटेड”
Delhi jaise jagah mei crime ko rokne ke liye Delhi police ka achha kadam.