मोहित कुमार
नई दिल्ली,
Jantar Mantar Protest 2026: दिल्ली में बड़ा पुलिस एक्शन, 2,000 से ज्यादा लोग हिरासत में; मुंबई में भी विरोध, राजधानी दिल्ली में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन को पुलिस ने अनुमति नहीं दी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में 2,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए हजारों पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गई। मीडिया रिपोर्टों में तैनाती का आंकड़ा अलग-अलग रहा। एक अखबार ने सुबह 25,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जानकारी दी, जबकि दुसरे अखबारl की रिपोर्ट में 40,000 से अधिक कर्मियों का उल्लेख है।

प्रदर्शन से पहले जंतर-मंतर और केंद्रीय दिल्ली के प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई। वाहनों की जांच, यातायात प्रतिबंध और कुछ क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक की खबरें भी सामने आईं।

CJP संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली हवाई अड्डे पर विमान से उतरने के बाद हिरासत में लिया गया। यूट्यूबर ध्रुव राठी, AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल, तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी और केरल के नेता पिनराई विजयन समेत कई लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबरें आईं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए। वह चेन्नई में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में मौजूद थे। कांग्रेस ने CJP के इस विशेष प्रदर्शन से दूरी बनाई, जबकि आम आदमी पार्टी और वामपंथी दलों ने आंदोलन का समर्थन किया।
दिल्ली के अलावा मुंबई में भी विरोध-प्रदर्शन हुआ। अगस्त क्रांति मैदान के आसपास पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। महात्मा गांधी के पड़पोते तुषार गांधी, अभिनेता इमरान खान और शिवसेना (UBT) विधायक वरुण सरदेसाई का नाम भी मुंबई की कार्रवाई से जुड़ी रिपोर्टों में सामने आया।
प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगा और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। दूसरी ओर, चुनाव आयोग और BJP ने पक्षपात के आरोपों को खारिज किया है। आयोग का कहना है कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण सत्यापन की प्रक्रिया है और गलत तरीके से नाम हटने पर पात्र मतदाता दोबारा पंजीकरण करा सकते हैं।

CJP नेता अजिंक्य शिंदे ने कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते। पार्टी ने 11 अक्टूबर और उसके बाद भी विरोध जारी रखने की बात कही। वहीं प्रसिद्ध पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक का गुस्सा खुलकर सामने आया है। उन्होंने देश के मौजूदा हालात को ‘अघोषित आपातकाल’ (Undeclared Emergency) बताते हुए पुलिस और सरकार को चेतावनी दी है कि अगर रविवार तक गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की रिहाई नहीं होती है, तो वे आमरण अनशन करेंगे।
Jantar Mantar Protest, Delhi Police, Arvind Kejriwal, Dhruv Rathee, Abhijeet Dipke, CJP Protest, Mamata Banerjee, Rahul Gandhi, SIR, Election Commission,








