जयपुर/जैसलमेर:रामगढ़ में 20 किलोवाट एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन: सीमावर्ती राजस्थान में रेडियो प्रसारण को मिलेगी नई ताकत, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आकाशवाणी जयपुर परिसर से जैसलमेर जिले के रामगढ़ में स्थापित 20 किलोवाट क्षमता वाले नए आकाशवाणी एफएम ट्रांसमीटर का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुरू होने के साथ राजस्थान में एफएम ट्रांसमीटरों की कुल संख्या बढ़कर 39 हो गई है।
नया ट्रांसमीटर सीमावर्ती क्षेत्र में लगभग 80 किलोमीटर के दायरे में रेडियो कवरेज सुनिश्चित करेगा और जैसलमेर जिले के करीब 20 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कवर करेगा। इससे हजारों नागरिकों को समाचार, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, संस्कृति और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों की बेहतर पहुंच मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया में रेडियो प्रसारण को “डिजिटल फर्स्ट” और “हाइपर-लोकल” दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने प्रसार भारती के अधिकारियों को इस दिशा में एक स्पष्ट रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों, लोक गायकों, शिल्पकारों और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रसारण व्यवस्था का हिस्सा बनाकर रेडियो को लोगों के और अधिक करीब लाया जा सकता है। इससे स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय मंच मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने जयपुर में विकसित किए जा रहे आगामी एआई डेटा सेंटर का भी उल्लेख किया और इसे भारत के डिजिटल भविष्य तथा तकनीकी प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल अवसंरचना देश के विकास में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर प्रसून जोशी ने आकाशवाणी और दूरदर्शन जैसे सार्वजनिक प्रसारण संस्थानों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये संस्थान समाज की जड़ों से गहराई से जुड़े हुए हैं और देश के दूरदराज़ क्षेत्रों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रसारण सेवाओं का विस्तार राष्ट्रीय एकता, सूचना पहुंच और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। रामगढ़ एफएम ट्रांसमीटर इसी दिशा में एक मजबूत कदम है। यह परियोजना “कश्मीर से कच्छ तक” मजबूत प्रसारण अवसंरचना विकसित करने की राष्ट्रीय परिकल्पना का हिस्सा है, जिसके तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में रेडियो और दूरदर्शन सेवाओं का व्यवस्थित विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, जयपुर सांसद मंजू शर्मा तथा आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन उपस्थित रहे। वहीं जैसलमेर के सांसद उमेदराम बेनीवाल वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
• रामगढ़ में 20 KW आकाशवाणी एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन
• राजस्थान में एफएम ट्रांसमीटरों की संख्या बढ़कर 39 हुई
• 80 किलोमीटर तक रेडियो कवरेज का विस्तार
• लगभग 20 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को लाभ
• सीमावर्ती क्षेत्रों में संचार व्यवस्था होगी मजबूत
• प्रसार भारती को अपनाना होगा “डिजिटल फर्स्ट” मॉडल
• जयपुर में विकसित होगा अत्याधुनिक एआई डेटा सेंटर
• स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को मिलेगा नया मंच
Ashwini Vaishnaw Ramgarh FM Transmitter Akashvani Jaisalmer Rajasthan FM Radio Prasar Bharati Border Area Broadcasting AI Data Center Jaipur All India Radio Ramgarh Radio Coverage Rajasthan Akashvani News










1 thought on “जयपुर/जैसलमेर:रामगढ़ में 20 किलोवाट एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन: सीमावर्ती राजस्थान में रेडियो प्रसारण को मिलेगी नई ताकत”
Good