Search
Close this search box.

IITF 2026: भारत मंडपम में आयुष मंत्रालय के विशेष मंडप में आयुर्वेद, योग, यूनानी और सिद्धा का संगम

ayush-pavilion-iitf-2026-bharat-mandapam

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुनीता अरुण

नई दिल्ली

IITF 2026: भारत मंडपम में आयुष मंत्रालय के विशेष मंडप में आयुर्वेद, योग, यूनानी और सिद्धा का संगम, 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) 2026 में आयुष मंत्रालय भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों, स्वस्थ जीवनशैली, पोषण और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए विशेष मंडप के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहा है। 13 से 27 नवंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम स्थित हॉल नंबर-2 में आयोजित इस मंडप में आगंतुकों को स्वास्थ्य परामर्श, औषधीय पौधों का प्रदर्शन, पारंपरिक आहार, योग सत्र, संवादात्मक गतिविधियां और शैक्षणिक प्रस्तुतियों के जरिए आयुष पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है।

आयुष मंत्रालय के विभिन्न संस्थान और अनुसंधान परिषदें एक ही मंच पर भागीदारी कर रही हैं। इसका उद्देश्य भारत की पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों के ज्ञान को दैनिक जीवन की स्वास्थ्य संबंधी आदतों से जोड़ना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति प्रेरित करना है।

आयुर्वेद ओपीडी और प्रकृति परीक्षा की सुविधा

आयुष मंडप में केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद के अंतर्गत केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान द्वारा आयुर्वेद ओपीडी सेवाएं और प्रकृति परीक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यहां आगंतुकों को निवारक स्वास्थ्य देखभाल, स्वस्थ जीवनशैली और आयुर्वेदिक स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित जानकारी दी जा रही है।

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, नई दिल्ली द्वारा अश्वगंधा, शतावरी, अर्जुन, आंवला, हरिद्रा और गुडूची जैसी औषधीय जड़ी-बूटियों एवं मसालों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इनके पारंपरिक उपयोग और स्वास्थ्य संवर्धन में भूमिका के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही औषधीय पौधों के इस्तेमाल से पहले उचित मात्रा, व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति और विशेषज्ञ की सलाह के महत्त्व को भी समझाया जा रहा है।

आयुष आहार, हर्बल उत्पाद और वर्चुअल रियलिटी अनुभव

राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर के स्टॉल पर रागी कुकीज़, त्रिफला जैम, एलोवेरा जेल और हर्बल लिप बाम जैसे आयुष आहार एवं उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। यहां आयुर्वेद आधारित सांप-सीढ़ी खेल और मानव शरीर के विभिन्न तंत्रों को समझाने वाला वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी लोगों के आकर्षण का केंद्र है।

प्रकृति, पंचकर्म, आयुर्वेदिक पाककला और दैनिक जीवन में आयुर्वेद की भूमिका को समझाने के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।

पारंपरिक खाद्य पदार्थों के जरिए पोषण जागरूकता

राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ द्वारा आयुर्वेद आधारित खाद्य नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए पोषक कुकीज़, आयुर्वेदिक ब्रेड और पारंपरिक पेय पानकम का प्रदर्शन किया जा रहा है।

‘दादी से पूछो’ और ‘मिलेट्स ऑन द व्हील’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से पारंपरिक खानपान, मोटे अनाज के पोषण संबंधी लाभ और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

योग प्रदर्शन, व्यक्तिगत परामर्श और प्रतियोगिताएं

मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा आयुष मंडप के विशेष मंच पर नियमित योग प्रदर्शन और योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। आगंतुकों को उनकी आयु, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और जीवनशैली के अनुरूप व्यक्तिगत योग परामर्श भी दिया जा रहा है।

योग प्रश्नोत्तरी और आसन प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है। मेले में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के प्रति आगंतुकों में विशेष रुचि देखने को मिल रही है।

यूनानी चिकित्सा: डिजिटल मिजाज मूल्यांकन और निःशुल्क ओपीडी

केंद्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अंतर्गत क्षेत्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली द्वारा यूनानी चिकित्सा स्टॉल लगाया गया है। यहां यूनानी कहवा, हरीरा, हलवा ग़ीकावर, गुलकंद और मुरब्बा आंवला जैसे पारंपरिक खाद्य एवं पेय पदार्थों का प्रदर्शन और स्वाद अनुभव उपलब्ध कराया जा रहा है।

संशोधित डिजिटल मिजाज मूल्यांकन कियोस्क के माध्यम से आगंतुक अपने मिजाज का आकलन कर सकते हैं और व्यक्तिगत आहार संबंधी सुझाव प्राप्त कर सकते हैं। यूनानी चिकित्सा से जुड़े डिजिटल प्रस्तुतिकरण और वृत्तचित्र भी दिखाए जा रहे हैं। 18 और 19 नवंबर को आयोजित यूनानी ओपीडी के माध्यम से 151 मरीजों को निःशुल्क परामर्श और औषधियां उपलब्ध कराई गईं।

सिद्धा चिकित्सा की परंपरा, उपचार और शिक्षा की जानकारी

केंद्रीय सिद्धा अनुसंधान परिषद और राष्ट्रीय सिद्ध संस्थान, चेन्नई द्वारा संचालित स्टॉल पर सिद्धा चिकित्सा के सिद्धांत, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और चिकित्सीय उपयोगों की जानकारी दी जा रही है।

यहां सिद्धा आहार, पोषण, जीवनशैली में बदलाव, निदान पद्धतियां, पारंपरिक औषधीय योग और वर्म चिकित्सा सहित विभिन्न उपचार पद्धतियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। डिजिटल प्रस्तुतियों, वृत्तचित्रों और IEC सामग्री के माध्यम से आगंतुकों को जानकारी दी जा रही है।

इसके साथ ही राष्ट्रीय सिद्ध संस्थान की शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। बीएसएमएस, एमडी (सिद्धा) और पीएचडी पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी देकर विद्यार्थियों को सिद्धा चिकित्सा के क्षेत्र में शिक्षा एवं करियर की संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है।

प्राकृतिक चिकित्सा और स्वस्थ नाश्ते के विकल्प

केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा डिजिटल ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों, IEC सामग्री और आयुष आहार उत्पादों के माध्यम से योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की जानकारी दी जा रही है।

मखाना लड्डू, मूंगफली लड्डू, तिल लड्डू और नमकीन जैसे खाद्य पदार्थों को स्वस्थ नाश्ते के विकल्प के रूप में प्रदर्शित किया गया है। 17 और 18 नवंबर को योग, प्राकृतिक चिकित्सा, आहार संबंधी आदतों और जीवनशैली में सुधार के विषयों पर निःशुल्क परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।

हिमालयी चिकित्सा परंपरा सोवा-रिग्पा से परिचय

राष्ट्रीय सोवा-रिग्पा संस्थान द्वारा आगंतुकों को हिमालयी क्षेत्र की प्राचीन चिकित्सा परंपरा से परिचित कराया जा रहा है। स्टॉल पर सोवा-रिग्पा आहार, उपचार पद्धतियों और हर्बल औषधीय योगों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। विशेषज्ञ पारंपरिक ग्रंथों के आधार पर आगंतुकों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन भी प्रदान कर रहे हैं।

औषधीय पौधों का प्रदर्शन और जागरूकता

राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड द्वारा जीवंत औषधीय पौधों का प्रदर्शन, सूचनात्मक सामग्री और शतावरी के पौधों का वितरण किया जा रहा है। क्यूआर कोड युक्त पौधों के माध्यम से आगंतुक संबंधित पौधों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

औषधीय पौधों और उनके उपयोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ब्रोशर, पर्चे और ‘प्रोफेसर आयुष्मान’ नामक कॉमिक पुस्तक भी वितरित की जा रही है।

पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को आमजन से जोड़ने की पहल

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में आयुष मंडप के माध्यम से आगंतुकों को भारत की पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों, पोषण, स्वास्थ्य संवर्धन और समग्र कल्याण को समझने का अवसर मिल रहा है।

आयुष मंत्रालय की यह पहल पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को अधिक सुलभ, रोचक और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित है।

आयुष मंत्रालय, भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2026, IITF 2026, भारत मंडपम, आयुर्वेद, योग, यूनानी चिकित्सा, सिद्धा चिकित्सा, सोवा-रिग्पा, प्राकृतिक चिकित्सा, औषधीय पौधे, आयुष आहार, स्वास्थ्य जागरूकता, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान

#IITF2026 #AyushMinistry #AyushPavilion #Ayurveda #Yoga #Unani #Siddha #SowaRigpa #Naturopathy #BharatMandapam #HealthAndWellness #IBNews

Ib News
Author: Ib News

Leave a Comment

और पढ़ें