Search
Close this search box.

नई दिल्ली: सिंधु कुंभ 2026: दिल्ली में विशाल बैठक, इंद्रेश कुमार ने किया सिंधु महिमा पुस्तक का विमोचन

दिल्ली विश्वविद्यालय में सिंधु कुंभ 2026 की तैयारियों को लेकर विशाल बैठक आयोजित।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिंधु कुंभ 2026 की तैयारियों को लेकर दिल्ली में विशाल बैठक, सिंधु महिमा पर आधारित पुस्तक का भव्य विमोचन
हिमालय परिवार दिल्ली प्रांत द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इंद्रेश कुमार रहे मुख्य अतिथि

IB News

नई दिल्ली: सिंधु कुंभ 2026: दिल्ली में विशाल बैठक, इंद्रेश कुमार ने किया सिंधु महिमा पुस्तक का विमोचन, हिमालय परिवार दिल्ली प्रांत द्वारा आगामी सिंधु कुंभ 2026 की तैयारियों को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय के सर शंकर लाल कॉन्सर्ट हॉल में एक विशाल बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिंधु दर्शन यात्रा समिति द्वारा प्रकाशित तथा हिमालय परिवार दिल्ली प्रांत के अध्यक्ष डॉ. दयालु जी महाराज द्वारा लिखित पुस्तक “सिंधु कुंभ महिमा” का भव्य विमोचन किया गया। साथ ही सिंधु माता भजन एवं आरती का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “हिमालय सुरक्षित तो देश सुरक्षित”। उन्होंने कहा कि सिंधु नदी केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का आधार है। सिंधु नदी के संरक्षण और उसके आध्यात्मिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लेह-लद्दाख में 18 जून से 27 जून 2026 तक आयोजित होने वाला सिंधु कुंभ अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है।

इंद्रेश कुमार ने कहा कि सिंधु कुंभ भारत की सांस्कृतिक एकता, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रीय एकात्मता का प्रतीक बनेगा। उन्होंने दिल्ली प्रांत द्वारा किए जा रहे व्यापक जनसंपर्क और तैयारियों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से सिंधु कुंभ में भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सिंधु नदी भारत की सांस्कृतिक धरोहर है और सिंधु कुंभ जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने सिंधु कुंभ को राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का महापर्व बताया।
डॉ. दयालु जी महाराज द्वारा लिखित पुस्तक “सिंधु कुंभ महिमा” में सिंधु नदी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं राष्ट्रीय महत्ता का विस्तृत वर्णन किया गया है। पुस्तक में भारतीय सभ्यता के विकास में सिंधु नदी के योगदान, हिमालय और सिंधु के संबंध तथा राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
बैठक के दौरान हिमालय परिवार दिल्ली प्रांत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सिंधु कुंभ में दिल्ली से अधिकाधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की। यात्रा प्रबंधन, जनजागरण अभियान, पंजीकरण व्यवस्था, प्रचार-प्रसार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बताया गया कि दिल्ली प्रांत से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्वयंसेवक सिंधु कुंभ में भाग लेने के लिए लेह-लद्दाख जाएंगे। इस संबंध में विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं।

कार्यक्रम में नगर निगम दिल्ली की स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा, विधायक राजकुमार सहयोगी, विधायक राजकुमार भाटिया, संत-महात्मा, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सिंधु कुंभ 2026 सिंधु दर्शन यात्रा इंद्रेश कुमार हिमालय परिवार दिल्ली प्रांत सिंधु महिमा पुस्तक लेह लद्दाख सिंधु कुंभ डॉ दयालु जी महाराज सिंधु नदी विजेंद्र गुप्ता सिंधु माता आरती

Ib News
Author: Ib News

2 thoughts on “नई दिल्ली: सिंधु कुंभ 2026: दिल्ली में विशाल बैठक, इंद्रेश कुमार ने किया सिंधु महिमा पुस्तक का विमोचन”

Leave a Comment

और पढ़ें