3.90 लाख से अधिक प्रमाणित प्रतिभागियों के साथ MY Bharat को मिला Guinness World Records सम्मान
अरुण कुमार
नई दिल्ली: MY Bharat ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, एक सप्ताह में ऑनलाइन क्विज़ में सबसे अधिक भागीदारी का खिताब हासिल,भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के प्रमुख युवा सहभागिता मंच मेरा युवा भारत (MY Bharat) ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए “एक सप्ताह में ऑनलाइन क्विज़ में सबसे अधिक लोगों की भागीदारी” का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

नई दिल्ली स्थित श्रम शक्ति भवन में आयोजित विशेष समारोह में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निर्णायक ऋषिनाथ ने MY Bharat को आधिकारिक प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे, युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
यह विश्व रिकॉर्ड “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज़“ के माध्यम से स्थापित हुआ, जिसका उद्देश्य युवाओं में विकसित भारत@2047 के विजन के प्रति जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा देना था। MY Bharat पोर्टल के माध्यम से आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान में देश के सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से 50 लाख 42 हजार से अधिक युवाओं ने भाग लिया। यह भारत के सबसे बड़े डिजिटल युवा सहभागिता अभियानों में से एक बन गया।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार 25 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 के बीच आयोजित आधिकारिक मूल्यांकन अवधि में MY Bharat प्लेटफॉर्म पर 8.39 लाख से अधिक क्विज़ सहभागिताएं दर्ज की गईं। इसके बाद स्वतंत्र डिजिटल फोरेंसिक ऑडिट, डेटा सत्यापन और तकनीकी जांच की विस्तृत प्रक्रिया अपनाई गई। सत्यापन के उपरांत 3,90,812 योग्य प्रतिभागियों को प्रमाणित किया गया, जिसके आधार पर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित हुआ।

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस उपलब्धि पर MY Bharat और देश के युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड वास्तव में भारत के युवाओं की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है और MY Bharat प्लेटफॉर्म उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। डॉ. मांडविया ने बताया कि केवल तीन वर्षों में MY Bharat पर 2.19 करोड़ से अधिक युवा पंजीकृत हो चुके हैं और प्रतिदिन हजारों नए युवा इस मंच से जुड़ रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि MY Bharat केवल एक डिजिटल पोर्टल नहीं बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला एक सशक्त मंच है, जहां वे अपने विचार साझा कर सकते हैं और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के दौरान युवाओं द्वारा दिए गए कई सुझावों को केंद्रीय बजट 2026 में भी शामिल किया गया।
युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल ने कहा कि MY Bharat पूरे देश में युवाओं की स्वैच्छिक और सार्थक भागीदारी का विश्वसनीय मंच बन चुका है। यह मंच स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, अनुभवात्मक शिक्षा और सामुदायिक विकास गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान कर रहा है।
यह गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भारत सरकार की डिजिटल तकनीक के माध्यम से युवाओं को जोड़ने और सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही यह उपलब्धि विकसित भारत@2047 के साझा राष्ट्रीय विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
MY Bharat Guinness World Record Mansukh Mandaviya Viksit Bharat 2047 Youth Participation India Online Quiz World Record Guinness World Records India MY Bharat Portal Youth Affairs Ministry Digital India Young Leaders Dialogue










1 thought on “नई दिल्ली: MY Bharat ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, एक सप्ताह में ऑनलाइन क्विज़ में सबसे अधिक भागीदारी का खिताब हासिल”
Very effective initiative for the youth having adopted digital platform like My Bharat.