“Yoga for Healthy Ageing” थीम के साथ 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, भारत समेत 180+ देशों में योग का महाउत्सव।
IBNews
कोलकाता: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: कोलकाता के रेड रोड पर पीएम मोदी ने किया नेतृत्व, 6 लाख से अधिक संगठनों की भागीदारी से बना नया रिकॉर्ड, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Day of Yoga 2026) के राष्ट्रीय समारोह में भाग लिया। “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) थीम पर आधारित इस भव्य आयोजन में हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया, जबकि देश और दुनिया भर के लाखों लोग ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 21 जून अब केवल एक तारीख नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े सामूहिक आयोजनों में से एक बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग लोगों, समाजों और देशों को जोड़ने की अद्भुत शक्ति रखता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमालय से हिंद महासागर तक, बंगाल से सौराष्ट्र तक पूरा भारत योग की ऊर्जा से सराबोर है। योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की कला है।
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती स्वामी विवेकानंद, श्री अरबिंदो और अनेक महान संतों की कर्मभूमि रही है जिन्होंने योग और भारतीय दर्शन को वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि कोलकाता में आयोजित यह राष्ट्रीय समारोह बंगाल की उसी आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है।

इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि योग जीवन के हर चरण में ऊर्जा, मानसिक संतुलन और शारीरिक मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि योग बढ़ती उम्र में भी लोगों को सक्रिय, स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है।
प्रधानमंत्री ने योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखने की अपील करते हुए “योग 365” अभियान का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 100-दिवसीय ऑनलाइन योग कार्यक्रम में 130 देशों के 30 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के लिए योग संगम पोर्टल पर 6 लाख से अधिक संगठनों ने पंजीकरण कराया, जो अब तक की सबसे बड़ी जनभागीदारी में से एक है।
आयुष मंत्रालय के अनुसार भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के सहयोग से 210 से अधिक भारतीय मिशनों द्वारा विश्वभर में लगभग 2500 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
संस्कृति मंत्रालय और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के सहयोग से भारत के 100 प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लाल किला, कुतुब मीनार, खजुराहो, कोणार्क, हम्पी, महाबलीपुरम और सांची जैसे विश्व प्रसिद्ध स्थल शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि दार्जिलिंग से दीघा और कूचबिहार तक पूरे राज्य में योग दिवस को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोलकाता में राष्ट्रीय समारोह का आयोजन राज्य के लिए गौरव की बात है।
आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योग एक वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने बताया कि आज 180 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है और भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा विश्व स्वास्थ्य के लिए मार्गदर्शक बन रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि योग न केवल स्वास्थ्य और फिटनेस बल्कि मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और सामाजिक सद्भाव का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 ने एक बार फिर दुनिया को भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक शक्ति का परिचय कराया है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन का समापन “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” मंत्र के साथ किया और सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
International Yoga Day 2026, Yoga Day 2026 India, PM Modi Yoga Day Kolkata, Yoga for Healthy Ageing, International Yoga Day News Hindi, Yoga Sangam 2026, Ayush Ministry Yoga Day, Red Road Kolkata Yoga Event, योग दिवस 2026, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समाचार








